MP Budget 2026: किसानों को मिली बड़ी राहत, स्कूल-आंगनबाड़ी में मिलेगा टेट्रा पैक दूध

मध्य प्रदेश (MP Budget 2026) में अब कक्षा आठवीं तक के बच्चों को टेट्रा पैक में दूध का वितरण किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार यशोदा दुग्ध प्रदाय योजना संचालित कर उसमें अगले पांच वर्षों में 6600 करोड़ रुपये व्यय करेगी। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 700 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। इसका लाभ आंगनवाड़ी केंद्रों और सरकारी स्कूलों के 80 लाख विद्यार्थियों को दिया जाएगा।
ज्ञानी’ मॉडल पर आधारित 4.38 लाख करोड़ का बजट
मध्य प्रदेश में वित्त विभाग देख रहे उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने बुधवार को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्य का 4,38,317 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया। बजट में ‘ज्ञानी’ मॉडल (G.Y.A.N.I.I.) यानी जी- गरीब कल्याण, वाय-युवा, ए-अन्नदाता, एन-नारी सशक्तीकरण, आई-औद्योगिकीकरण और आई-इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा दिया गया है।
लाडली बहना और किसान कल्याण के लिए भारी-भरकम आवंटन
महिला सशक्तीकरण के उद्देश्य से लाड़ली बहना योजना के लिए 23,883 करोड़ रुपये का भारी-भरकम आवंटन किया गया है। इस योजना में प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं को प्रति माह 1500 रुपये की वित्तीय सहायता मिलती है। जेंडर बजट (महिला सशक्तीकरण के लिए समग्र बजट प्रविधान) के हिसाब से इस वर्ग पर कुल 1,27,555 करोड़ रुपये खर्च होंगे। दूसरे नंबर पर किसान कल्याण के लिए भी सरकार ने प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से 1,15,013 करोड़ रुपये का बजट प्रविधान रखा है।




