![](https://rashtraajkal.com/wp-content/uploads/2020/08/ram_mandir_mp.jpg)
भोपाल: अयोध्या में भगवान राम के मंदिर का शिलान्यास पांच अगस्त को होने वाला है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मंगलवार को घोषणा की कि प्रदेश कांग्रेस अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए चांदी की 11 ईंटें भेजेगी। ये ईंट प्रदेश के नागरिकों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सहयोग से चंदा एकत्रित कर खरीदे गये हैं।” उन्होंने कहा, ‘‘हम राम मंदिर निर्माण का स्वागत करते हैं।” कमलनाथ ने यहां अपने सरकारी निवास पर राम दरबार सजाकर हनुमान चालीसा के पाठ का आयोजन करने के बाद मीडिया से कहा, ‘‘हम राम मंदिर निर्माण के लिये प्रदेश की जनता की ओर से चाँदी की 11 ईंट :शिला: भेज रहे हैं।
उन्होंने दावा किया, ‘‘राजीव गांधी जी के कारण ही राम मंदिर का सपना आज साकार हो रहा है। आज राजीव जी होते तो यह सब देखते।” कमलनाथ ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने वर्ष 1985 में इसकी शुरुआत की थी और वर्ष 1989 में उन्होंने इसका शिलान्यास किया था।
उन्होंने कहा भाजपा ने धर्म की एजेंसी ली हुई है क्या? क्या धर्म पर उनका पेटेंट है, उनका ठेका है? कमलनाथ ने कहा कि भारत की संस्कृति सभी को जोड़ने वाली है। यहाँ विभिन्न भाषाएं एवं विभिन्न धर्मों के लोग रहते है। यह हमारी पहचान है। उन्होंने कहा, ‘‘हम जब भी कुछ करते है, भाजपा के पेट में दर्द पता नहीं क्यों चालू हो जाता है।
उन्होंने कहा, ‘‘बस हम धर्म का उपयोग राजनीति के लिये नहीं करते हैं। हम इसे ‘इवेंट’ नहीं बनाते हैं। हम सभी की सोच धार्मिक है लेकिन हम धर्म और राजनीति का गठजोड़ नहीं करते हैं। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि मैंने कुछ साल पहले छिन्दवाड़ा में हनुमान जी की मूर्ति स्थापित की। इसके अलावा, हमने अपनी पूर्व प्रदेश सरकार में गौशालाएँ बनवायी, ‘राम वन गमन पथ’ पथ के निर्माण की बाधाएं दूर की और महाकाल व ओंकारेश्वर मंदिर के विकास की योजना बनायी।