NH-46 पर हादसा;तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नहर में समाई, तीन युवकों की मौत

इटारसी। शुक्रवार देर रात 12 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 46 पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल की रैलिंग तोड़कर पानी से लबालब नहर में समा गई। घटना के बाद कार सवार युवकों ने बाहर निकलने का काफी प्रयास किया, लेकिन बहाव तेज होने के कारण चंद मिनटों में कार पानी में समा गई।
देर रात पुलिस ने रस्सियों से बांधकर बुलडोजर की मदद से कार को बाहर निकाला, इसमें कार सवार तीन युवक मृत पाए गए हैं। अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शवों को निकालकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
घटनास्थल के पास ही दो तीन बड़े ढाबे और दुकानें हैं, जहां चहल पहल बनी रहती है, हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बैतूल से इटारसी की ओर आ रही ग्रे रंग की बलेनो कार अचानक पुल की रैलिंग तोड़ते हुए सीधे नहर में समा गई।
देर रात पथरौटा, केसला, इटारसी का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। पानी में डूबी कार की तलाश की लिए सर्च लाइट जलाने के बाद एसडीआरएफ के जवानों ने तलाशी में मदद की। देर रात कार बाहर निकल पाई।
प्लाटून कमांडर अमृता दीक्षित ने बताया कि कार सवार युवक आखिरी दम तक जान बचाने के लिए शीशे खोलने की कोशिश कर रहे थे। अंदर से बचाव के लिए चिल्ला भी रहे थे, लेकिन कार लाक होने से वे बाहर नहीं आ सके, जिससे उनकी मौत हो गई।





