पन्ना-छतरपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा,सड़क किनारे गहरी खाई में अनियंत्रित होकर पलटा ट्रक; लगी आग

टाइगर रिजर्व पन्ना से निकलने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पन्ना-छतरपुर मार्ग पर शनिवार 28 फरवरी को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। छतरपुर से सतना की ओर जा रहा विशाल रोड लाइंस का ट्रक क्रमांक एमपी-19 जेडई-9055 हरसा गेट के पास स्थित घाटी में अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया।
ट्रक राकड़ (मिट्टी/मिश्रण) से भरा हुआ था। हादसा इतना अचानक हुआ कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई।
पलटते ही धूं-धूं कर जला ट्रक
ट्रक के खाई में गिरते ही उसमें भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया और कुछ ही मिनटों में आग का गोला बन गया। घाटी क्षेत्र होने के कारण आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं, जिससे मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि चालक समय रहते कूद गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।





