पुलिस पर भ्रष्टाचार के आरोप, माँ ने कहा – बेटा उसके साथ मारपीट करता, थाने में उसके खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन पुलिस पैसा मांगती है
राष्ट्र आजकल /प्रतिनिधि
नीमच में एक महिला ने थाने के सामने जमकर हंगामा किया। उसने थाने के सामने 500-500 रुपए के नोट उड़ाए और पुलिस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। महिला के हंगामे के चलते वहां भीड़ जमा हो गई। साथ ही ट्रैफिक जाम के हालात भी बन गए। जहां गुरुवार रात शांति बाई नाम की महिला थाने पहुंची थी। महिला ने बताया कि बेटा उसके साथ मारपीट करता है। थाने में उसके खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। वह कार्रवाई की मांग करती है, तो पुलिस पैसा मांगती है। इसलिए वह अपने साथ 500-500 रुपए के नोटों की गड्डी लाई और उसने थाने के सामने नोट बिखेर दिए। जानकारी के मुताबिक महिला ने करीब 25 हजार रुपए के नोट सड़क पर बिखेर दिए। महिला ने पुलिस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और राज्य सरकार को भी खरी-खोटी सुनाई। उसने लाड़ली बहना योजना पर भी सवाल उठाए। कहा कि मुझे एक हजार रुपए की जरूरत नहीं है। महिला का नाम शांति बाई है। वह एनसीसी की सेवानिवृत्त कर्मचारी है। महिला का एक बेटा आशीष लोट है। वह पेशे से डांस टीचर है।

जानकारी के मुताबिक महिला का अपने बेटे से आए दिन विवाद होता है। 6 महीने पहले भी महिला ने बेटे पर उसके बैंक खाते से पैसे निकालने की रिपोर्ट कैंट थाने में दर्ज करवाई थी। यह महिला आए दिन किसी न किसी विभाग में जाकर अपनी समस्याएं बताती है और वहां के कर्मचारियों से विवाद करती है। कुछ साल पहले न्यायालय में इस महिला ने एक पुलिसकर्मी को चांटा मार दिया था। जिसका मामला कोर्ट में विचाराधीन है। महिला आए दिन इस प्रकार का ड्रामा शासकीय दफ्तरों में आकर करती है।





