प्रेमी ने प्रेमिका की मां का गला घोंटकर कर दी हत्या, पलंग के बॉक्स में छिपा दी लाश
11 दिन बाद पलंग के बॉक्स से मिली कीड़े पड़ी सड़ी-गली लाश

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, सागर। रिश्तों को शर्मसार करने और अवैध संबंधों की सनक में किसी भी हद तक गुजर जाने का एक ऐसा खौफनाक मामला सागर जिले के खुरई से सामने आया है, जिसे सुनकर इलाका दहल उठा है। खुरई पुलिस ने दो महीने पुराने बहुचर्चित नृत्यांगना ममता अहिरवार हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। ममता की मौत किसी हादसे या बीमारी से नहीं हुई थी, बल्कि उसकी ही बेटी के प्रेमी ने बेहद बेरहमी से गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतारा था। कातिल ने राज छुपाने के लिए लाश को घर के ही डबल बेड के अंदर बंद कर दिया था।
पुलिस जांच में जो कहानी सामने आई है, वह किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी है 45 वर्षीय मृतका ममता अहिरवार नाचने-गाने का काम करती थीं। वहीं, 32 वर्षीय आरोपी सुरेंद्र कुमार अहिरवार उनके प्रोग्राम्स की बुकिंग और ग्राहकों की डीलिंग संभालता था। साथ काम करने के दौरान सुरेंद्र के ममता की बेटी से अवैध संबंध बन गए। 1 अप्रैल को दोनों करीला मेले में कार्यक्रम के लिए गए थे और 4 अप्रैल को खुरई लौटे। 5 अप्रैल की रात ममता को अपनी बेटी और सुरेंद्र के रिश्तों का सच पता चल गया।
जब ममता ने इसका कड़ा विरोध किया और सुरेंद्र को अपनी बेटी से दूर रहने की चेतावनी दी, तो दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। गुस्से में पागल सुरेंद्र ने ममता पर हमला कर दिया और उसका गला तब तक दबाए रखा जब तक कि उसकी सांसें हमेशा के लिए थम नहीं गईं। ममता की मौत के बाद सुरेंद्र ने शातिर अपराधियों की तरह सबूत मिटाने की साजिश रची। उसने ममता के शव को घसीटा और घर में रखे डबल बेड के बॉक्स (दीवान) के अंदर छिपा दिया। किसी को शक न हो, इसलिए उसने मकान के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लटकाया और खुद फरार हो गया। उस वक्त ममता का बेटा और बेटी गंजबासौदा अपनी बड़ी बहन के घर गए हुए थे, जिससे आरोपी को भागने का पूरा वक्त मिल गया।





