परिवार के साथ लोगों की मौके पर हुई मौत, तीन बच्चे घायल ..दिल्ली के साध नगर में भीषण आग

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के साध नगर, पालम इलाके में बुधवार को चार मंजिला इमारत में लगी भीषण आग से एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई, जिनमें 3 बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एक ही परिवार के 9 से 10 लोग मौजूद थे
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने के समय इमारत के भीतर एक ही परिवार के 9 से 10 लोग मौजूद थे, जो अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, दिल्ली पुलिस और एंबुलेंस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
परिवार धुएं और लपटों के बीच फंस गया
बताया जा रहा है कि आग संभवतः ग्राउंड फ्लोर पर हुए शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जहां कॉस्मेटिक और अन्य दुकानों का संचालन होता है। आग तेजी से निचली मंजिलों से ऊपरी मंजिलों तक फैल गई, जिससे ऊपर रह रहा परिवार धुएं और लपटों के बीच फंस गया।
घायल तीन बच्चे निजी अस्पताल में भर्ती
हादसे में घायल तीन बच्चों को पालम स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मौके पर एंबुलेंस की तैनाती की गई थी, हालांकि संकरी और भीड़भाड़ वाली गलियों के कारण कुछ वाहनों को दूर खड़ा करना पड़ा।
आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। फिलहाल, आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।





