राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि | मोदी सरकार के कृषि बिलों के विरोध में जारी किसान आंदोलन को आज शनिवार एक महिना पूरा हो गया है। ना सरकार पीछे हट रही है और ना ही किसान। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने अपनी ही पार्टी पर तंज कसा है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान के किसान कृषि कानून का विरोध कर रहे है, वही मध्यप्रदेश के किसान तो भोले भाले है ही लेकिन कांग्रेसी भी सो रहे है।दरअसल, राजगढ़ जिले के तलेन में शुक्रवार को केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए कृषि कानून बिल एवं राजगढ़ जिले के किसानों को मुआवजा नहीं मिलने के विरोध में युवक कांग्रेस द्वारा दांडी यात्रा निकाली गई थी। । जिले के तलेन से भोपाल तक 100 किलोमीटर की इस दांडी यात्रा को तलेन में राज्यसभा सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया ।इस दौरान एक सभा को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि ये मोदी जो है, वो इस देश के किसानों के साथ अन्याय कर रहे जहां हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश , राजस्थान के किसान कृषि कानून का विरोध कर रहे है, वही मध्यप्रदेश के किसान तो भोले भाले है ही लेकिन कांग्रेसी भी सो रहे है। उन्होंने सभी को जोश भरते हुए कहा कि जागो उठो और पदयात्रा में शामिल हो जाओ और इस किसान विरोधी कानून के खिलाफ आवाज उठाओ।





