
राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि। राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच आंधी-बारिश का दौर फिर शुरू हो गया है। प्री-मानसून की बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिला दी है। वहीं मौसम विभाग ने आज 20 जिलों में ऑरेंज और 9 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया था। वहीं कल के लिए 23 जिलों में मेघगर्जन-वज्रपात-आंधी और कई जिलों में बारिश का भी अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ एक परिसंचरण तंत्र के रूप में हरियाणा और आसपास के क्षेत्र के ऊपर बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली हवाओं के साथ नमी की आपूर्ति हो रही है। इनके असर से पिछले 24 घंटों में बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में तेज मेघगर्जन, आंधी के साथ बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक 50 मिमी बारिश सीकर के दांतारामगढ़ में दर्ज की गई।
वहीं 13 जून को भी बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, जोधपुर और कोटा संभाग के कुछ भागों में तेज मेघगर्जन, आंधी (60-70 Kmph) के साथ कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश होने की प्रबल संभावना भी बनी हुई है। जिसके बाद बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और जोधपुर संभाग के कुछ भागों में आंधी (40-60 Kmph) बारिश की गतिविधियां आगामी 4-5 दिन जारी रहने की संभावना है





