Road Accident Sehore ; तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक पर सवार चार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी , दो की मौके पर ही मौत

शहर में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे (Sehore Road Accident) में दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा शहर के मोती बाबा मंदिर के पास शुगर फैक्ट्री चौराहा और लुनिया चौराहे के बीच मुख्य मार्ग पर रात करीब 11 बजे हुआ। यहां तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिस पर चार युवक सवार थे। टक्कर के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तेज रफ्तार वाहन ने मारी जोरदार टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो पिकअप के चालक सुनील पिता रंजीत सिंह ठाकुर (48 वर्ष) निवासी हनुमान फाटक, कस्बा सीहोर ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक पर सवार चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी तेज थी कि बोलेरो पिकअप अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर से टकराई और इसके बाद पास के एक मकान में जा घुसी।
स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ा
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल सीहोर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने 16 वर्षीय अमित चौहान पिता मुकेश चौहान निवासी लुनिया मोहल्ला को मृत घोषित कर दिया।
भोपाल में उपचार के दौरान दूसरी मौत
हादसे में घायल 12 वर्षीय विवेक चौहान पिता सतीश चौहान की हालत गंभीर होने के कारण उसे भोपाल रेफर किया गया था। उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस हादसे में 18 वर्षीय विक्रम चौहान पिता नरेंद्र चौहान और 18 वर्षीय धीरज चौहान पिता मुकेश चौहान निवासी लुनिया मोहल्ला घायल हुए हैं। दोनों का इलाज जिला अस्पताल सीहोर में जारी है। बताया जा रहा है कि चारों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे
चालक के खिलाफ मामला दर्ज
कोतवाली थाना पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 146/2026 दर्ज किया है। चालक सुनील ठाकुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) रोपित चालक को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण और ब्लड सैंपल भी लिया है।
ड्रिंक एंड ड्राइव की भी जांच
पुलिस को आशंका है कि चालक नशे में वाहन चला रहा था। इसी कारण मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 भी मामले में जोड़ी गई है। पुलिस आरोपित को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वाहन पर लिखे “मप्र शासन” का संबंध किस विभाग से है।





