सात हजार रुपये की उधारी पर दो दोस्तों में झगड़ा
विवाद में तीसरे युवक ने रायफल से फायरिंग कर गांव में दहशत फैला दी

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि मुरैना। महज सात हजार रुपये की उधारी पर दो दोस्तों में झगड़ा हो गया। इस विवाद में तीसरे युवक ने रायफल से फायरिंग कर गांव में दहशत फैला दी। मामला अंबाह थाना क्षेत्र के रूअर गांव का है। फायरिंग करते हुए युवक का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है जानकारी के अनुसार रुअर गांव निवासी इंद्रगोपाल सिंह तोमर ने अपने दोस्ते नरेश सिंह को कुछ समय पहले सात हजार रुपये उधार दिए थे। कई बार फोन पर मांगने के बाद रुपये नहीं दिए तो रविवार की दोपहर इंद्रगोपाल सिंह, नरेश सिंह के घर पहुंच गया और अपने उधारी के सात हजार रुपये मांगने लगा।
घर पर उधारी का तकादा करने आने पर नरेश सिंह इसलिए भड़क गया, क्योंकि उस उसके साथ उसका परिचित लल्लू तोमर बैठा था। दोनों में कहासुनी हो गई, यह देख लल्लू तोमर बीच में आया और बोला, कि अभी हम यहां है, हमारे सामने रुपये मत मांगो, बाद में अपना हिसाब कर लेना। इस बात पर इंद्रगोपाल और लल्ले तोमर के बीच कहासुनी हो गई। यह विवाद इतना बढ़ गया कि लल्लू तोमर ने रायफल निकाल ली और इंद्रगोपाल सिंह तोमर की ओर हवाई फायर कर दिया। गोली चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस हवाई फायरिंग में किसी को कोई जनहानि नहीं हुई, सभी बाल-बाल बच गए। घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी वारदात का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद अंबाह पुलिस ने राहुल उर्फ लल्लू तोमर के खिलाफ केस दर्ज किया है।





