hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu
State City Dropdown
मध्यप्रदेश

सीहोर में मौसम बिगड़ा…तेज हवा, बारिश के साथ ओले गिरे… खेतों में पड़ी फसल को नुकसान की आशंका

शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ले ली। दोपहर करीब 3.15 बजे तेज हवा, ओले और झमाझम वर्षा का दौर शुरू हुआ, जो करीब 10 मिनट तक जारी रहा। अचानक हुई इस वर्षा से सड़कों पर पानी बहने लगा और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे और जमकर उमस व गर्मी महसूस की जा रही थी। दोपहर बाद मौसम ने अचानक रुख बदला और तेज हवाओं के साथ चने के आकार की ओलावृष्टि शुरू हो गई।

वर्षा थमने के कुछ देर बाद बिजली की गर्जना के साथ एक बार फिर वर्षा का दौर शुरू हुआ, इसके बाद मौसम पूरी तरह सुहाना हो गया। अचानक हुई इस वर्षा और ओलावृष्टि से किसानों की चिंता बढ़ गई है।

किसानों का कहना है कि क्षेत्र में अधिकांश गेहूं फसल की कटाई पूरी हो चुकी है, लेकिन अभी भी करीब 2 से 3 प्रतिशत फसल खेतों में खड़ी या खलिहानों में पड़ी हुई है।

ऐसे में वर्षा का पानी लगने से उपज के भीगने और उसकी गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। किसानों ने बताया कि खेत-खलिहानों में रखी गेहूं और अन्य उपज यदि अधिक देर तक भीगी रही तो नुकसान हो सकता है।

बीते 24 घंटे के दौरान जिले का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 2 डिग्री अधिक रहा। मंगलवार शाम 7 बजे के बाद से ही मौसम का मिजाज बदलने लगा था। आसमान में काले घने बादल छा गए थे और कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा भी हुई थी। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।एक-दो दिन तक ऐसा ही रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव वेस्टर्न डिस्टरबेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के कारण हुआ है। विभाग ने अगले एक से दो दिन तक मौसम इसी तरह बने रहने की संभावना जताई है। प्रदेश में 29 जिलों के लिए बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट भी जारी किया गया है।

मौसम में बढ़ी नमी के कारण आगामी कुछ दिनों तक शाम के समय मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। मार्च माह की शुरुआत से 31 तारीख तक पूरे महीने अधिकतम तापमान लगातार 35 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ था, लेकिन महीने के अंतिम दिनों में मौसम ने अचानक करवट ली। बुधवार को करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं और काले घने बादलों ने गर्मी से बड़ी राहत दी।पिछले 7 दिनों का तापमान

26 मार्च: 39 डिग्री सेल्सियस

27 मार्च: 36 डिग्री सेल्सियस

28 मार्च: 38 डिग्री सेल्सियस

29 मार्च: 38 डिग्री सेल्सियस

30 मार्च: 39 डिग्री सेल्सियस

31 मार्च: 30 डिग्री सेल्सियस

1 अप्रैल: 32 डिग्री सेल्सियस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

four × 4 =

Back to top button