सेवनिया,ओंकारा और डोबरा जागीर में पांच अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन की कार्रवाई
27.5 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि पर की गई अवैध प्लाटिंग और निर्माण ध्वस्त

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, भोपाल। जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में पांच अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया। राजस्व और प्रशासनिक अमले ने ग्राम सेवनिया ओंकारा और डोबरा जागीर में विकसित की जा रही कॉलोनियों में पहुंचकर सड़क, प्लाटिंग और अन्य अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया। कार्रवाई की जद में करीब 27.5 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन आई है। हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया ने बताया कि बिना वैध अनुमति और कॉलोनाइजर लाइसेंस के विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन ने ग्राम सेवनिया ओंकारा स्थित स्वास्तिक विहार, प्रतिभा सिटी और निधिवन विहार कॉलोनी पर कार्रवाई की। स्वास्तिक विहार कॉलोनी लगभग 1.32 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित की जा रही थी, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत आठ करोड़ रुपये आंकी गई है। यहां महेश साहू और सुरेंद्र पवार द्वारा अवैध रूप से प्लाट काटे जाने की जानकारी सामने आई है। अभियान के दूसरे चरण में ग्राम डोबरा जागीर स्थित तिरुपति धाम और गायत्री धाम कॉलोनी पर कार्रवाई की गई। तिरुपति धाम लगभग 0.80 हेक्टेयर भूमि पर विकसित की जा रही थी, जिसकी अनुमानित कीमत तीन करोड़ रुपये है। वहीं गायत्री धाम कॉलोनी में दो करोड़ रुपये मूल्य की भूमि पर बिना अनुमति प्लाटिंग किए जाने का मामला सामने आया है।





