राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, उमरिया। 13 दिसंबर को नौरोजाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम नौसेमर के एक खेत में महिला और पुरुष के शव मिले थे। ये शव करीब एक सप्ताह पुराने बताए गए। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपित का नाम अनिल बैगा है। जानकारी के अनुसार अनिल बैगा ने ही शिव प्रसाद बैगा और अमरती बाई बैगा की हत्या करने के बाद उनके शवों को खेत में फेंक दिया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह अमरती बाई बैगा के साथ शारीरिक संबंध बनाना चाहता था। जब उसने ऐसा करने से मना किया तो उसने उससे जबरदस्ती करने की कोशिश की। इसका विरोध महिला ने तो किया ही साथ ही शिव प्रसाद बैगा ने भी किया। इसी बात से नाराज होकर उसने दोनों पर एक साथ पत्थर से हमला कर दिया और दोनों की हत्या कर दी। इस घटनाक्रम में अनिल बैगा की तरफ कभी भी शक की सुई नहीं जाती लेकिन उसे उसकी लालच ने ही फंसा दिया था। दरअसल, दोनों की हत्या करने के बाद अनिल बैगा अमरती बाई का मोबाइल अपने साथ ले गया था और उसी मोबाइल की लोकेशन के आधार पर पुलिस उस तक पहुंच गई। 13 दिसम्बर को नौरोजाबाद थाना अंतर्गत कंचन खुली खदान से लगे खेत में एक महिला और एक पुरूष का लगभग नग्न अवस्था में शव पाए थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। शुरू में तो लाश की पहचान में ही काफी परेशानी सामने आई लेकिन बाद में दोनों मृतकों की पहचान उनके परिजनों ने की।