शिवपुरी में युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या; मेड़ को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद

सिरसौद थानांतर्गत ग्राम मानक बसई में एक खेत की जुताई के दौरान मेड़ की मिट्टी पड़ोसी के खेत में लगी गेहूं की फसल में जाने पर दो पक्षों में हुआ मुंहवाद इस हद तक बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के तीन युवकों पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया।
तीनों युवकों में से दो को तो मामूली चोट आईं, लेकिन एक युवक की छाती पर से पहिया निकलने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को उपचार के लिए मेडिकल कालेज लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अपने किरार वाले खेत पर पानी दे रहा था
जानकारी के अनुसार मंगलवार की दोपहर करीब 1:00 बजे मानक बसई निवासी बृजेश पुत्र मोहन सिंह रावत अपने किरार वाले खेत पर पानी दे रहा था। इसी दौरान उसके पड़ोसी रामसिंह जाटव निवासी ग्राम भरका के खेत में अनिल जाटव और बीपी सिंह जाटव निवासी ग्राम भरका ट्रैक्टर से चांट प्लाऊ से जुताई कर रहे थे।
खेत की मिट्टी बृजेश के खेत में आ रही थी
जुताई के दौरान उनके खेत की मिट्टी बृजेश के खेत में आ रही थी, जिससे उसके खेत में खड़ी गेहूं की फसल को नुकसान हो रहा था। बृजेश के अनुसार उसने जब बीपी सिंह व अनिल जाटव से प्लाऊ बदलने के लिए कहा तो दोनों झगड़ा करते हुए उसे गालियां देने लगे।





