राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, सतना। शहर में सीवर लाइन प्रोजेक्ट के गड्ढे में एक मजदूर गिर गया है। मजदूर गड्ढे के अंदर मलबे में फंसा हुआ है। पिछले करीब एक घंटे से उसे बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। लेकिन अभी तक कामयाबी नहीं मिल पाई है। हादसा शहर के मारुति नगर क्षेत्र की शारदा कॉलोनी में हुआ है। बताया जाता है कि जमीन के अंदर मजदूर की लोकेशन लगभग 22 फीट गहराई में है। वह अभी सुरक्षित बताया जा रहा है। उसे बचाने के प्रयास लगातार जारी है। जानकारी के अनुसार, 4 मशीने उसे बाहर निकालने के लिए आसपास खुदाई कर रही हैं। मजदूर की पहचान नहीं हो पाई है। वह किसी ठेकेदार की कंपनी के माध्यम से आटसोर्स पर काम कर रहा था। ठेकेदार समेत शहर के सीएसपी मौके पर मौजूद हैं। चार मशीनें लगी हुई हैं। एक मशीन के बकेट के नीचे ही मजदूर की लोकेशन मिली है। उस मशीन के बकेट को वहां रोक रखा गया है ताकि मिट्टी धंसने न पाये। मशीनें जितनी मिट्टी हटा रही हैं उतनी मिट्टी वापस भरभराकर गिर रही है। ये काम एन विराट नाम की कंपनी कर रही है। वहीं रेस्क्यू ऑपरेशन नगर निगम की टीम कर रही है। बता दें कि कुछ महीनों पहले भी मारुति नगर में ही सीवर लाइन के ट्रेंच में मजदूर गिर गया था और उसके ऊपर मलबा भी भरभरा कर गिर गया था। घंटों की मशक्कत के बाद उसे सकुशल बाहर निकाला जा सका था।