स्कूल की महिला कर्मियों का छिपकर बनाया वीडियो … आरोपी की शिकायत करने पर वीडियो किया वायरल

रांझी थाना क्षेत्र के एक स्कूल की दो महिला कर्मियों का एक व्यक्ति ने छिपकर वीडियो बनाया। उसके बाद आते-जाते परेशान करने लगा। छेड़छाड़ और अश्लीलता का प्रयास किया। महिला कर्मियों ने विरोध किया तो चोरी छिपे बनाया गया उनका वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर उनकी छवि बिगाड़ने का प्रयास किया। मामले में महिला कर्मी ने थाने में आरोपी राजेश अहिरवार के विरुद्ध शिकायत की है।
42 वर्षीय महिला स्कूल में क्लर्क है। वह अवकाश पर थीं, लेकिन प्राचार्य के निर्देश पर आवश्यक कार्यालयीन कार्य से स्कूल पहुंचीं। वह काम कर रही थीं। इस दौरान राजेश पहुंचा। उसने उनका वीडियो बना लिया। महिला की सहकर्मी ने देखा और टोका तो उस पर राजेश अभद्रता करते हुए भाग गया। उसके बाद वह अक्सर महिला कर्मी के साथ छेड़छाड़ का प्रयास करता। वह अक्सर स्कूल पहुंच जाता और महिला कर्मी को देखकर अश्लील संकेत करता। गुरुवार को भी उसने महिला कर्मी को देखकर अश्लील हरकत की। इस पर महिला कर्मी ने स्कूल के अधिकारियों से शिकायत की।
महिला कर्मी की प्रतिष्ठा धूमिल की
नाराज होकर राजेश ने महिला कर्मी और सहकर्मी का पिछले वर्ष चोरी से बनाया गया एक वीडियो वायरल कर दिया। उस पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास किया। इसका पता चलने पर परेशान महिला कर्मी ने पुलिस में जाकर शिकायत की। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।





