सोना-चांदी फिर से महंगी, एमसीएक्स पर सोना 1200 रुपये और चांदी 6000 रुपये से ज्यादा महंगी

शुक्रवार सुबह सर्राफा बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने के दाम में करीब 1,200 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि चांदी 6,000 रुपये से ज्यादा महंगी हो गई।
शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे एमसीएक्स पर अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 1,207 रुपये की तेजी के साथ 1,60,880 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता देखा गया। वहीं चांदी की कीमत में भी जबरदस्त उछाल आया और यह 5,703 रुपये बढ़कर 2,67,894 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई। हालांकि शुरुआती कारोबार में कुछ उतार-चढ़ाव भी देखने को मिला। सोना कुछ समय के लिए 1,60,710 रुपये तक फिसला, जबकि चांदी 2,67,123 रुपये तक नीचे आई थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी
वैश्विक बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में तेजी दर्ज की गई। इंटरनेशनल मार्केट में स्पॉट गोल्ड करीब 1 प्रतिशत बढ़कर 5,124.73 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं स्पॉट सिल्वर में भी करीब 1.7 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई और यह 83.57 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। हालांकि इस सप्ताह सोने की कीमतों में लगभग 3 प्रतिशत की गिरावट भी देखने को मिली है, जिसकी वजह ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कम होना और ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी से महंगाई की चिंता बढ़ना बताया जा रहा है।
तेजी के पीछे क्या कारण
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण निवेशक सुरक्षित संपत्तियों में निवेश बढ़ा रहे हैं। इसके साथ ही अमेरिकी डॉलर में कमजोरी भी सोने और चांदी की कीमतों में तेजी का बड़ा कारण बनी है।
प्रमुख शहरों में सोने के भाव
देश के प्रमुख शहरों में भी सोने की कीमतों में मजबूती देखी जा रही है। दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 1,30,416 रुपये प्रति 8 ग्राम और 22 कैरेट सोना 1,19,552 रुपये प्रति 8 ग्राम पर बिक रहा है। मुंबई में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,30,296 रुपये प्रति 8 ग्राम और 22 कैरेट सोना 1,19,432 रुपये प्रति 8 ग्राम है। वहीं चेन्नई में 24 कैरेट सोना 1,31,952 रुपये प्रति 8 ग्राम और 22 कैरेट सोना 1,20,952 रुपये प्रति 8 ग्राम पर पहुंच गया है। हैदराबाद में 24 कैरेट सोने का भाव 1,30,296 रुपये प्रति 8 ग्राम दर्ज किया गया।





