इसके पहले भी मैडम कई बार साहब के साथ मारपीट कर चुकी थीं। इसके बावजूद साहब ने कभी मैडम पर हाथ नहीं उठाया।

भोपाल (राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि): मैडम ने साहब को कैंची भी मारी थी। यदि साहब मैडम पर हाथ नहीं उठाते तो बड़ा हादसा साहब के साथ हो जाता। पत्नी के साथ मारपीट के वीडियो को लेकर निलंबित स्पेशल डीजी पुरुषोत्तम शर्मा को उनके अर्दली निर्दोष बता रहे हैं।
दरअसल, जब पुरुषोत्तम और उनकी पत्नी के बीच मारपीट हुई तब उनके अर्दली सगीर और माखन भी उसी बंगले में मौजूद थे। दोनों वीडियो में नजर भी आ रहे हैं। अर्दली के मुताबिक़ रविवार को साहब दूध लेकर अपने कमरे में सोने चले गए थे। पीछे से प्रिया मैडम पहुंचीं और दरवाजे पर लात मारने लगी। साहब ने दरवाजा खोला और मैडम के हाथ जोड़कर बोले कि वे बहुत थक गए हैं, उन्हें सोने दें परेशान न करें, लेकिन मैडम ने चिल्लाते हुए उनके कुर्ते की कालर पकड़कर झूमाझटकी शुरू कर दी फिर साहब को अचानक मुक्का मार दिया। इसके बाद दौड़कर कैमरे के सामने खड़ी हो गईं। फिर जो हुआ सबके सामने था।
पुरुषोत्तम शर्मा ने कहा कि अब न्याय के लिए लड़ाई लड़ूंगा…
सवाल : आपके माता-पिता ने कभी आपके मामले में समाधान निकालने की कोशिश क्यों नहीं की?
जवाब : मेरे माता-पिता ने कई बार मेरी पत्नी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने मेरे माता-पिता की ही एक बार पिटाई कर दी थी। इसके बाद उन्होंने कभी उससे बात नहीं की।
सवाल : आपकी पत्नी का मानना था कि आपने उसे प्रताड़ित किया?
जवाब : यह बिल्कुल गलत है। मैंने उसके लिए अपनी क्षमता से अधिक किया। कुछ दिन पहले ही भोपाल में करोड़ों का बंगला उसके नाम पर किया है।
सवाल : राज्य शासन ने आपको निलंबित कर दिया है। अब आपका अगला कदम क्या होगा?
जवाब : अब मैं सिर्फ न्याय पाने के लिए लड़ाई लड़ूंगा, दोबारा उस घर में अपनी पत्नी के पास कभी नहीं लौटूंगा।
सवाल : ऐसी क्या वजह है कि आपके अपनों ने आपके चरित्र पर ही उंगली उठा दी?
जवाब : मेरी पत्नी रुपयों के लिए कुछ भी कर सकती है। मेरी बेटी अब भी मेरे साथ है। मेरे बेटे को जरूर मेरी पत्नी ने मेरे खिलाफ कर दिया है।
सवाल : जब आप दोनों के बीच इतना विवाद था तो आप अलग क्यों नहीं हुए?
जवाब : मैंने अपनी पत्नी के समक्ष आपसी सहमति से अलग होने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन उसने मानने से इन्कार कर दिया। वो करोड़ों रुपयों की प्रापर्टी लिए बिना मानने को तैयार नहीं थी।