तीन मंजिला बिल्डिंग में भीषण: 9 मौतें, इनमें 3 लड़कियां शामिल; दमकल ने 10 लोगों का रेक्स्यू किया

दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह 7 बजे एक तीन मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 3 लड़कियां शामिल हैं।
2 लोगों ने जान बचाने के लिए बिल्डिंग से छलांग लगा दी। इन्हें गंभीर चोटें आई हैं। हालांकि घायलों और अंदर फंसे लोगों की संख्या को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के कर्मियों ने 10 लोगों का रेक्स्यू किया है। करीब 30 फायर ब्रिगेड मौके पर मौजूद हैं और आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। बचाव दल इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटे हुए हैं।
अधिकारी बोले- नीचे लपटें और ऊपर घना धुआं था
दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारी एस. के. दुआ ने बताया कि आग सुबह करीब 7 बजे लगी थी। जब हमारी पहली टीम मौके पर पहुंची, तो नीचे आग की लपटें और ऊपर घना धुआं था। हमारे पहुंचने से पहले दो लोग इमारत से कूद गए थे, जिन्हें लोगों ने अस्पताल पहुंचाया।
अधिकारी के मुताबिक, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कितने लोग घायल हैं। आग पर अब पूरी तरह काबू पा लिया गया है, हालांकि कूलिंग ऑपरेशन जारी है। इसके बाद बिल्डिंग में एक बार फिर सर्च और रेस्क्यू किया जाएगा।
वहीं, NDRF के डिप्टी इंस्पेक्टर विक्की रांगा ने कहा बताया कि वे 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गए थे। तब तक दिल्ली फायर सर्विस और अन्य एजेंसियां आग बुझाने में लगी थीं। बिल्डिंग अंदर से काफी क्षतिग्रस्त हो गई है, ऐसे में रेस्क्यू ऑपरेशन करना बड़ी चुनौती है। एहतियात के तौर पर आसपास की इमारतों को भी खाली करा लिया गया है।





