hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu
State City Dropdown
लाइफस्टाइल

तुलसी का करें सही इस्तेमाल! चेहरे के मुहांसों और दाग-धब्बों से मिलेगा छुटकारा

बेदाग और ग्लोइंग स्किन के लिए आजकल ज्यादातर लड़कियां महंगे ब्यूटी पार्लर और स्किन ट्रीटमेंट का सहारा लेती हैं, जिसमें समय और पैसे दोनों खर्च होते हैं।

लेकिन क्या आप जानती हैं कि आपके घर में मौजूद तुलसी से भी आप प्राकृतिक रूप से साफ और चमकदार त्वचा पा सकती हैं? आयुष मंत्रालय और राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के अनुसार, तुलसी त्वचा के लिए बेहद लाभकारी मानी जाती है।

एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर है तुलसी

हर भारतीय घर में पाई जाने वाली तुलसी सिर्फ एक पवित्र पौधा ही नहीं, बल्कि औषधीय गुणों का खजाना भी है। तुलसी में मौजूद एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट तत्व त्वचा को अंदर से साफ करते हैं। ये गुण मुंहासों, दाग-धब्बों और त्वचा की सूजन को कम करने में मदद करते हैं, जिससे स्किन साफ, स्वस्थ और ग्लोइंग बनती है।

अंदरूनी संक्रमण जड़ से होगा खत्म

विशेषज्ञों के मुताबिक, तुलसी का सेवन खून को शुद्ध करने में सहायक होता है। जब शरीर अंदर से साफ होता है, तो चेहरे पर मुंहासे कम होते हैं और नए दाग-धब्बे बनने की संभावना भी घट जाती है। रोजाना तुलसी का सेवन त्वचा के अंदरूनी संक्रमण को खत्म कर चेहरे पर नेचुरल निखार लाता है।

तुलसी फेस पैक से पाएं साफ त्वचा

त्वचा विशेषज्ञों के अनुसार, तुलसी का फेस पैक बेहद असरदार होता है। इसके लिए 8-10 ताजे तुलसी के पत्तों को पीस लें और इसमें मुल्तानी मिट्टी या शहद मिलाएं। इस पेस्ट को चेहरे पर 15-20 मिनट तक लगाकर धो लें।

यह उपाय मुंहासों को कम करता है, दाग-धब्बे हल्के करता है और त्वचा की अतिरिक्त ऑयल को कंट्रोल करता है। इसे हफ्ते में 2-3 बार इस्तेमाल किया जा सकता है।

शरीर से टॉक्सिन बाहर निकालता है तुलसी का पानी

तुलसी का पानी भी स्किन के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। रात में 5-7 तुलसी के पत्ते एक गिलास पानी में भिगो दें और सुबह खाली पेट इसे पी लें। इससे शरीर से टॉक्सिन बाहर निकलते हैं, खून साफ होता है और त्वचा में प्राकृतिक चमक आती है। मुंहासों की समस्या में यह एक आसान और कारगर उपाय है।

इंफेक्शन और तनाव दोनों कम करती है तुलसी

तुलसी की चाय न सिर्फ स्वाद में अच्छी होती है, बल्कि इसके कई स्वास्थ्य लाभ भी हैं। 4-5 तुलसी के पत्तों को पानी में उबालकर चाय बनाएं और इसमें नींबू या शहद मिलाकर पिएं। यह तनाव को कम करती है और स्ट्रेस से होने वाले पिंपल्स पर खास असर दिखाती है। वहीं, सुबह 2-3 ताजे तुलसी के पत्ते चबाने से त्वचा के अंदरूनी इंफेक्शन भी कम होते हैं।

इम्यूनिटी बढ़ाने में भी मददगार

तुलसी का नियमित सेवन त्वचा के साथ-साथ इम्यूनिटी को भी मजबूत बनाता है। यह एक सस्ता, प्राकृतिक और आसानी से मिलने वाला उपाय है। हालांकि, अगर मुंहासे या दाग-धब्बों की समस्या ज्यादा गंभीर हो, तो आयुर्वेदिक चिकित्सक से सलाह लेना जरूरी है। साथ ही साफ-सफाई, संतुलित आहार और पर्याप्त पानी पीना त्वचा की सेहत के लिए बेहद जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

five × four =

Back to top button