राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि ! मध्य प्रदेश, यूपी, बिहार, राजस्थान समेत 15 राज्यों में गुरुवार को दिन की शुरुआत कोहरे के साथ हुई। भोपाल, जयपुर समेत उत्तर और मध्य भारत के 22 शहरों में विजिबिलिटी 200 मीटर से कम रह गई। वहीं, घने कोहरे के चलते दिल्ली पहुंचने वाली 26 ट्रेनें लेट चल रही हैं।
एमपी और यूपी के कई जिलों में गुरुवार सुबह तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इससे न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। UP के मुजफ्फरनगर में पारा 4.3º तक पहुंच गया। ठंड के बढ़ते असर को देखते हुए उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में स्कूलों की 6 जनवरी तक छुट्टी कर दी गई।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान के कुछ हिस्सों में आज कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान के सीकर में पारा 1º तक पहुंचा गया।
• अगले 24 घंटे में भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत के राज्यों में मिनिमम टेंपरेचर दो डिग्री और कम हो सकता है। ठंडी हवाएं चलने से ठिठुरन बढ़ने की आशंका है।
• जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और अलग-अलग इलाकों में 5 जनवरी को सुबह कुछ घंटों तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
• उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, सिक्किम, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले दो दिन कोहरे की स्थिति बनी रहेगी।
• अरब सागर के ऊपर लो प्रेशर बनने से केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में अगले 3-4 दिनों के दौरान बारिश होने की संभावना है। MP और झारखंड में हल्की बारिश हो सकती है।
• 5 जनवरी को पूर्वी मध्य प्रदेश में हल्की छिटपुट बारिश होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश और बिहार में पांच जनवरी को बादल छाए रहेंगे।