विजयी जुलूस निकाल रहे वकील और डिस्ट्रिक्ट जज के बीच तीखी बहस; वकील ने कहा- आप जाकर अपनी कुर्सी संभालिए

गुजरात में भावनगर जिला कोर्ट के बार एसोसिएशन चुनाव के बाद विजयी जुलूस निकाल रहे वकील और डिस्ट्रिक्ट जज के बीच तीखी बहस हो गई। वकील ने जज से यहां तक कह दिया कि आप कौन हैं? क्या आप मुझे जानते हैं? आप जाकर अपनी कुर्सी संभालिए। इसी दौरान कुछ वकील जज को शांत कराकर कोर्ट रूम में ले गए।
तीसरी बार चुनाव जीते थे वकील…पूरा मामले समझिए
यह मामला बुधवार का है। इसका वीडियो अब वायरल हो रहा है। दरअसल हुआ यह है कि स्थानीय वकील अनिरुद्धसिंह झाला लगातार तीसरी बार गुजरात बार एसोसिएशन के सदस्य रूप में चुने गए। कोर्ट परिसर में वे अपने समर्थकों के साथ ढोल-नगाड़े पर नाच रहे थे।
तभी डिस्ट्रिक्ट जज एचएस मूलिया की अदालत में सुनवाई चल रही थी। शोर सुनकर वह कोर्ट की कार्यवाही छोड़कर बाहर आ गए। जज ने इस शोर पर आपत्ति जताई तो वकील उन पर भड़क उठे।

• चाहे कुछ भी हो जाए, जो भी करना चाहें कर लीजिए। महोदय… आप अपनी कुर्सी पर बैठ जाइए।
• ढोल वालो से बोले… बजाओ, बजाओ। महोदय, आप कौन हैं? क्या आप मुझे जानते हैं?
• ओह डिस्ट्रिक्ट जज…आप डिस्ट्रिक्ट जज हैं। वहां जाइए। बैठिए और आदेश दीजिए। बजाओ। मैं बैठा हूं। बजाओ। बजाओ।
वकील अनिरुद्ध सिंह झाला ने कहा- विजय जुलूस में माहौल इतना उमंग भरा था। इसीलिए उनसे ऊंची आवाज में बात हो गई होगी। इसके अलावा और कोई मामला नहीं था।
गुजरात न्यायिक सेवा संघ ने वकील अनिरुद्धसिंह झाला के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए हाईकोर्ट और गुजरात बार काउंसिल को पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि भावनगर में गुजरात बार काउंसिल चुनाव में विजयी उम्मीदवार अधिवक्ता अनिरुद्धसिंह झाला की विजय यात्रा के दौरान डिस्ट्रिक्ट जज ने अदालत की कार्यवाही में बाधा डाली गई।
इस दौरान अनिरुद्धसिंह झाला ने प्रधान जिला न्यायाधीश के साथ अभद्र व्यवहार भी किया। गुजरात न्यायिक सेवा संघ ने मांग की है कि गुजरात उच्च न्यायालय अधिवक्ता अनिरुद्धसिंह झाला के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही करे और बार काउंसिल अनिरुद्धसिंह झाला के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे।






