राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि | आसरा, आनंदधाम और अपना घर… शहर के इन तीन वृद्धाश्रमों में 147 बुजुर्ग रहते हैं। इनकी चर्चा इसलिए भी कि यहां सभी बुजुर्ग कोरोना संक्रमण से दूर हैं। कई बार कोरोना जांच भी हुई, लेकिन इन सबकी रिपोर्ट निगेटिव ही आई। वजह सिर्फ एक- वृद्धाश्रम संचालकों ने सख्ती से कोविड गाइडलाइन का पालन किया, इसलिए कोरोना ने भी उनसे दूरी बनाकर रखी।इन आश्रमों में 99 साल तक के बुजुर्ग हैं। जिनमें से कई शुगर, बीपी, अस्थमा समेत अन्य बीमारियों से ग्रसित हैं। तमाम विपरीत परिस्थितियों के बाद भी इन वृद्धाश्रमों ने जिस तरह बुजुर्गों को संक्रमण से बचाया है, वो नियमों के पालन की एक मिसाल है।स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक: शहर में 60 साल से ज्यादा उम्र के 1725 बुजुर्ग बीते 9 महीने में संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 85 की माैत हो चुकी है।आसरा : 7 जांच, हर बार बुजुर्गों की जीतशाहजहांनाबाद स्थित इस वृद्धाश्रम में 97 बुजुर्ग हैं। 43 महिलाएं और 54 पुरुष हैं। यहां के सचिव दयाराम नामदेव ने बताया कि सबसे अधिक उम्र डोंगर सिंह (98) और बसंत कुलकर्णी (99) की है। कर्मचारियों और बुजुर्गों के लिए नियम सख्त हैं। बुजुर्गों की अब तक 7 बार कोरोना की जांच हो चुकी है, लेकिन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।आनंद धाम : खुद रख रहे सोशल डिस्टेंसिंगलिंक रोड नंबर-2 स्थित इस वृद्धाश्रम में 26 बुजुर्ग रहते हैं। 14 पुरुष और 12 महिलाएं हैं। यहां के सचिव आरआर सुरंगे ने बताया कि बुजुर्ग खुद सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखते हैं। ये सभी लोग केवल खाना खाने ही कमरे से बाहर आते हैं। बाहरी व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है। सभी कर्मचारी आश्रम में ही रहते हैं।एक या दो व्यक्ति जो बाहर किराना, दवाई या अन्य सामान लेने जाते हैं, उन्हें वापस आकर गरम पानी से नहाना होता है। यहां पर जो भी व्यक्ति किराना, सब्जी दान देता है, वह सामान तीन दिन तक अन्य कमरे में रखने के बाद सैनिटाइज कर ही उपयोग में लिया जाता है। रिश्तेदार केवल वीडियाे कॉल या फोन से उनसे संपर्क में रहते हैं। यहां पर सबसे अधिक उम्र के बुजुर्ग एसएस विजयवर्गीय हैं। उनकी उम्र 97 साल है, उन्हें शुगर है। महिलाओं में प्रेमा मल्होत्रा सबसे बुजुर्ग हैं। इनकी उम्र 87 वर्ष है और वे हार्ट पेशेंट हैं।





