
सरकारी बैंकों के शेयरों में आज शुक्रवार को बड़ी गिरावट देखी जा रही है। खबर है कि IDBI बैंक के बाद दूसरे कुछ सरकारी बैंकों में भी सरकार अपनी हिस्सेदारी बेच सकती है। इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, केंद्र सरकार चार बड़े सरकारी बैंकों में अपनी हिस्सेदारी घटाकर 75 फीसदी करने की तैयारी में है। इन बैंकों में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, यूको बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक और इंडियन ओवरसीज बैंक शामिल हैं।
क्या कहते हैं सेबी के नियम
दरअसल, सेबी के नियमों के मुताबिक किसी भी लिस्टेड कंपनी में कम से कम 25 फीसदी हिस्सेदारी आम जनता यानी पब्लिक के पास होनी चाहिए। अभी इन बैंकों में सरकार का हिस्सा काफी ज्यादा है। हालांकि, सरकार ने सरकारी कंपनियों को अगस्त 2026 तक इस नियम से छूट दी हुई थी और इसे आगे भी बढ़ाने की चर्चा है, लेकिन अब सरकार बाजार के मूड को भांपते हुए ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए अपने शेयर बेचना चाहती है। इससे दो फायदे होंगे। एक तो सेबी के नियमों का पालन हो जाएगा और दूसरा बाजार में ज्यादा शेयर आने से इन बैंकों की असल वैल्यू में सुधार होगा।
टूट गए सरकारी बैंकों के शेयर
एनएसई पर दोपहर 12 बजकर 21 मिनट पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का शेयर 4.13 फीसदी या 1.24 रुपये की गिरावट के साथ 28.77 रुपये पर ट्रेड करता दिखा। यूको बैंक का शेयर इस समय 3.95 फीसदी या 0.89 रुपये की गिरावट के साथ 21.66 रुपये पर ट्रेड करता दिखा। पंजाब एंड सिंध बैंक इस समय 4.42 फीसदी या 0.90 रुपये की गिरावट के साथ 19.45 रुपये पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, इंडियन ओवरसीज बैंक का शेयर 4.15 फीसदी या 1.24 रुपये की गिरावट के साथ 28.62 रुपये पर ट्रेड करता दिखा।





