मामूली विवाद में महिला को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

कटनी। बड़वारा थाना क्षेत्र के मझगवां छैगरा में मंगलवार की रात को एक महिला के चेहरे में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाते हुए जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है, जबकि मुख्य आरोपित फरार है। जानकारी के अनुसार मझगवां छैगरा निवासी संतरा बाई पति दुर्जन लाल कोल, 50 साल मंगलवार-बुधवार की रात लगभग एक बजे अपने घर पर थी। तभी मोहल्ले का ही निवासी भोला कोल वहां पहुंचा और पुराने जमीन के विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगा।
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपित भोला ने एक बोतल से पेट्रोल अपने मुंह में भरा और अचानक संतरा बाई के चेहरे पर छिड़क दिया। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, आरोपित ने माचिस जलाकर उसे आग लगा दी। आग की लपटों से घिरी महिला ने जब चीखना-चिल्लाना शुरू किया, तो उसकी आवाज सुनकर घर के भीतर सो रही बहू तुरंत बाहर भागी। बहू को आता देख भोला कोल मौके से फरार हो गया। स्वजनों ने आनन-फानन में आग बुझाई और झुलसी हुई महिला को तत्काल शासकीय जिला अस्पताल पहुंचाया।





