Valentine Week: इस बार कुछ अलग करने की कोशिश की युवाओं ने गुलदस्तों में अब चिप्स और स्नैक्स, युवाओं में बढ़ा यूनिक गिफ्ट्स का चलन

वेलेंटाइन वीक की शुरुआत रोज डे के साथ हो चुकी है। इस दिन गुलाब काफी डिमांड में रहे। कपल और फैमिली मेंबर्स ने रोज एक-दूसरे को दिए। मार्केट में सबसे ज्यादा मांग रेड रोज की रही। फूलों के कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि वेलेंटाइन डे के लिए आर्डर आना शुरू हो गए हैं। सबसे ज्यादा मांग लाल, पीले, गुलाबी और सफेद गुलाबों की है।
कपल के लिए थीम पार्टी अरेंज
वीक की शुरुआत के साथ ही रिसोर्ट और होटल एक्टिव मोड में आ चुके हैं। वे कपल के लिए थीम पार्टी अरेंज कर रहे हैं, जिससे उनका वेलेंटाइन डे खास बन सके। बाहर से सिंगर बुलाए जा रहे हैं। साथ ही पूल साइड कैंडल लाइट डिनर का प्लान किया जा रहा है। वहीं जेसीआइ और लायंस क्लब की ओर से आयोजन होना भी तय हैं। ये कार्यक्रम कपल और फैमिली मेंबर्स के लिए होंगे।
रिसोर्ट और होटल में वेलेंटाइन की शुरू हुई बुकिंग
वेलेंटाइन डे पर इम्पीरियल गोल्फ रिसोर्ट में पूल साइड डिनर रहेगा। लाइव सिंगर की परफार्मेंस खास रहेगी। होटल क्लार्क में रेड थीम पर डेकोरेशन रहेगा। एंजायमेंट के लिए लाइव सिंगिंग रहेगी, जिसमें कपल डांस करेंगे। होटल रायल क्लास में थीम बेस्ड डेकोरेशन रहेगा। मेहमानों का स्वागत रोज देकर किया जाएगा। होटल रेडिसन के रेस्टोरेंट में खास इंतजाम किया गया है। यहां साफ्ट म्यूजिक रहेगा व स्पेशल मेन्यू के साथ डिनर रहेगा। विलायती रिसोर्ट से सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इस दिन कलरफुल लाइटिंग और म्यूजिक के बीच डिनर प्लान किया है। वेलेंटाइन के लिए बुकिंग शुरू हो चुकी है।
गुलदस्तों में गुलाब की जगह ग्रूमिंग किट एवं अन्य एसेसरीज
वेलेंटाइन डे छह दिन बाद है। लोग समझते होंगे कि इस दिन अपने प्रियजन को गुलाब और टेडी बीयर उपहार में दिए जाते हैं, लेकिन आज का युवा इससे कहीं आगे बढ़ चुका है। इस समय जो लिमिटेड एडिशन गुलदस्ते दिख रहे हैं, उनमें गुलाब की जगह चाकलेट के गुलदस्ते बन रहे हैं। इनमें चिप्स और स्नैक्स की सजावट, प्रोटीन बार के ढेर डाले गए हैं। लोग अब गुलदस्ते में ग्रूमिंग किट, बाथ और बॉडी केयर कॉम्बो, फूल के आकार की हेयर क्लिप जैसी एक्सेसरीज तक डाल रहे हैं। इन्हीं सामानों को फूलों की तरह सजाकर तोहफे में दे रहे हैं। बाजार में इस बार ‘सभी प्यार की भाषाओं के लिए गुलदस्ते’ का खास कलेक्शन उतारा गया है।
स्पीकर, प्रिंटेड मग, सीनरी फोटो, स्मार्ट वॉच की मांग
बाजार में गिफ्ट की दुकानों पर चाकलेट, म्यूजिकल कार्ड, नेम बुक, मग, कपल रिंग, चेन फोटो फ्रेम, टेडी बीयर, ब्लूटूथ स्पीकर, प्रिंटेड मग, सीनरी फोटो, परफ्यूम, स्मार्ट वॉच, लाफिंग बुद्धा खास हैं। कारोबारियों को भी एक हफ्ते तक अधिक कारोबार की उम्मीद है। गिफ्ट आउटलेट के ऑनर सौरभ मिश्रा ने बताया कि वेलेंटाइन वीक के पहले दिन से गिफ्ट आइटम्स की बिक्री शुरू हो चुकी है। कपल के साथ ही लोग अपने फैमिली मेंबर्स को गिफ्ट देने के लिए भी आइटम्स खरीद रहे हैं।
वेलेंटाइन डे पर वरिष्ठ चिकित्सक देंगे प्रस्तुति
गायक कलाकार मित्र समूह की ओर से 14 फरवरी को गीतों से भरी शाम ‘ये शाम मस्तानी’ का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर सभी प्रोफेशन के लोग गीत गाएंगे। इनमें शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. बीआर श्रीवास्तव, डॉ. राजीव अग्रवाल, डॉ. अविनाश शर्मा, डॉ. विवेक वासवानी, डॉ. रीता मिश्रा, डॉ. नीतू प्रसाद शामिल रहेंगे। संगीत संयोजन रवि गर्ग का रहेगा।
जेसीआइ ग्वालियर: पूरे सप्ताह होंगे आयोजन
जेसीआइ ग्वालियर की ओर से 14 फरवरी को होटल में वेलेंटाइन सेलिब्रेशन होगा। कार्यक्रम की थीम वेलेंटाइन ही रखी गई है। इस दौरान कपल एवं बच्चों के लिए कई फन एक्टिविटी होंगी। इसके अलावा वेलेंटाइन वीक की शुरुआत के साथ ही हर दिन ऑनलाइन एक्टिविटी होंगी, जिसमें कपल को ग्रुप में थीम के अनुसार फोटो डालने होंगे। सात दिन तक चलने वाले इस इवेंट में विजेताओं को आखिरी दिन पुरस्कृत किया जाएगा।
रिश्तों का सम्मान करना सिखाता है वेलेंटाइन डे
वेलेंटाइन डे इस बार रविवार को पड़ रहा है। इतिहास के अनुसार तीसरी शताब्दी में रोम के पादरी संत वेलेंटाइन ने प्रेम और विवाह के अधिकार के लिए अपने जीवन का बलिदान दिया था। तभी से इस दिवस को मनाने की परंपरा शुरू हुई। वेलेंटाइन डे मनाने का उद्देश्य प्रेम और रिश्तों का सम्मान करना और भावनाओं को खुलकर व्यक्त करना है। यह केवल कपल का दिवस नहीं, बल्कि परिवार का सेलिब्रेशन है।
वेलेंटाइन वीक
8 फरवरी – प्रपोज डे
9 फरवरी – चाकलेट डे
10 फरवरी – टेडी डे
11 फरवरी – प्रॉमिस डे
12 फरवरी – हग डे
13 फरवरी – किस डे
14 फरवरी – वेलेंटाइन डे





