इंदौर (राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि)। प्रदेश की 27 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव से पहले कांग्रेस हिंदुत्व की विचारधारा को अपनाने लगी है।इसका संकेत रविवार को इंदौर के सांवेर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ की चुनावी सभा में देखने को मिला। सभा में शामिल होने के लिए इंदौर से 100 से अधिक युवा भगवा झंडे लेकर रैली के रूप में निकले। सभा से पहले सांवेर क्षेत्र के कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ली। उन्होंने भी कमल नाथ का स्वागत रामचरित मानस की प्रति भेंट कर किया।
मालूम हो, इससे पूर्व कई अवसरों पर कमल नाथ सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मंदिरों में दर्शन करने पहुंचे और सॉफ्ट हिंदुत्व के रूप में भाजपा के हिंदुत्व पर निशाना साधते रहे हैं। अयोध्या में श्रीराम मंदिर के भूमिपूजन की पूर्व संध्या पर कमल नाथ ने हनुमान चालीसा का पाठ किया था। कांग्रेस कार्यालयों में भी सुंदर कांड का पाठ किया गया था। कांग्रेस कार्यकर्ता कमल नाथ को हनुमान भक्त प्रचारित करते रहे हैं।
मुंह चलाने और प्रदेश चलाने में होता है अंतर
ग्राम अर्जुन बड़ौद में कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमचंद गुड्डू के समर्थन में सभा को संबोधित करते हुए कमल नाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुंह चलाने और प्रदेश चलाने में अंतर होता है। मैंने सोचा था कि वे सुधर जाएंगे, लेकिन नहीं सुधरे। वे सिर्फ झूठी घोषणाएं करते हैं। कांग्रेस सरकार गिराने में खरीद-फरोख्त की ओर इशारा करते हुए कमल नाथ ने कहा कि छोटा सौदा छिप जाता है, बड़ा नहीं छिपता।