किसान की बेटी की शादी में शामिल होने पहुंचे राहुल गांधी: दूध के साथ चूरमा खाया, महिलाओं के गीत सुने

कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार सुबह सोनीपत के गोहाना में एक किसान की बेटी की शादी में शामिल होने पहुंचे। ये वही किसान संजय हैं, जिनके खेत में राहुल ने तीन साल पहले ट्रैक्टर चलाया था। साथ ही धान रोपाई की थी।
सुबह करीब सवा 10 बजे जैसे ही राहुल अपनी कार से उतरे उनके हाथ से मोबाइल गिर गया। तब राहुल ने झुककर उसे उठाया। रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा समेत कई नेता और मेजबान घराती बुके लेकर स्वागत के लिए खड़े थे।
राहुल का हरियाणवी पगड़ी पहना कर स्वागत किया गया। जब राहुल शादी वाले घर में जाने लगे तो दरवाजे पर खड़े युवकों ने जोर से कहा-राहुल भाई राम-राम। राहुल हाथ जोड़कर मुस्कराए और आगे बढ़ गए। राहुल करीब एक घंटे तक शादी वाले घर में रुके। इस दौरान दूध के साथ चूरमा खाया। महिलाओं के गीत सुने।
मदीना में सुबह 10ः10 बजे पहुंचे, एक घंटा रुके किसान संजय की बेटी तनु की शादी में राहुल सुबह 10 बजकर 10 मिनट पर पहुंचे। यहां करीब एक घंटा रुके। बीकॉम पास तनु की मंगलवार शाम को रोहतक से बारात आएगी। तनु की शादी सुंदरपुर के सुनील के साथ तय है। सुनील एमए इंग्लिश है और क्रिकेटर भी हैं। तुन की छोटी बहन सारिता और भाई दीपक है।





