दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे बना ‘डेंजर-वे’… बैंक मैनेजर की कार पर पथराव…

शिवगढ़ थाना क्षेत्र से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार रात करीब 12 बजे इंदौर के एक बैंक मैनेजर अमिताभ शर्मा और उनके परिवार की कार पर अज्ञात बदमाशों ने पथराव कर दिया। घटना के बाद दो बाइक सवारों ने कार का पीछा भी किया, जिससे घबराए परिवार ने किसी तरह धामनोद टोल नाके तक पहुँचकर अपनी जान बचाई। जानकारी के अनुसार, राजस्व कॉलोनी निवासी अमिताभ शर्मा इंदौर के एक प्राइवेट बैंक में एरिया मैनेजर हैं। शुक्रवार रात वह झाबुआ जिले के थांदला से रतलाम लौट रहे थे।
एक्सप्रेस-वे पर हमला: बदमाशों ने बाइक से किया कार का पीछा
कार (क्रमांक MP 09 ZY 9119) में उनके साथ पिता आर.एन. शर्मा (सेवानिवृत्त जिला पंचायत सीईओ, हरदा), पत्नी शालिनी शर्मा, भाई अजिताभ शर्मा और भांजे कुणाल शर्मा सवार थे। वाहन कुणाल चला रहे थे। रात में एक्सप्रेस-वे पर रेस्ट रूम से करीब 100 मीटर पहले अज्ञात हमलावरों ने कार पर पथराव कर दिया। पत्थर वाहन के पीछे की ओर कांच के नीचे लगा, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद दो बदमाश बाइक से कार का पीछा करने लगे, लेकिन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन की गति बढ़ाकर आगे बढ़ाया।
सुनसान इलाका होने से नहीं रोकी कार: टोल नाके पर दी सूचना
घटना शिवगढ़ थाना क्षेत्र की है। अमिताभ शर्मा ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उन्हें मौके पर रुकने को कहा, लेकिन क्षेत्र सुनसान होने और रेलिंग टूटी होने के कारण उन्होंने रुकना सुरक्षित नहीं समझा। शर्मा के अनुसार, “हमारी कार के पीछे एक अन्य कार भी आ रही थी, उस पर भी पथराव हुआ। वे लोग वहीं रुक गए, लेकिन हमने वाहन नहीं रोका।” परिवार ने सीधे धामनोद टोल नाके पर गाड़ी रोकी और टोलकर्मियों व एनएचएआई (NHAI) अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।
ई-एफआईआर दर्ज: एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
मामले में अमिताभ शर्मा ने शनिवार को ई-एफआईआर दर्ज कराई है। साथ ही प्रधानमंत्री और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री को टैग कर एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एनएचएआई महंगा टोल वसूल रहा है, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। एक्सप्रेस-वे की रेलिंग तोड़कर अवैध गुमटियां लगाई गई हैं और प्रतिबंध के बावजूद दोपहिया वाहन खुलेआम चल रहे हैं। मालूम हो कि इससे पहले भी एक्सप्रेस-वे पर पथराव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।





