hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu
State City Dropdown
मध्यप्रदेश

नींद में था पति, पत्नी घर में ही रच रही थी उसकी मौत की साजिश

सरदारपुर तहसील के राजोद थाना क्षेत्र के ग्राम गोंदीखेड़ा चारण में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात हुए सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। इस मामले में मृतक देवकृष्ण की पत्नी प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश पुरोहित को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी सुरेंद्र भाटी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस जांच में साफ हुआ कि यह वारदात किसी बाहरी हमले का नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश का नतीजा थी।

खुद को पीड़ित दिखाने की कोशिश

पत्नी प्रियंका ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। वारदात के बाद उसने खुद को पीड़ित दिखाने की कोशिश की, लेकिन पूछताछ में कहानी टूटती चली गई और सच सामने आ गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

मृतक की मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोग अभी भी इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं कि जिस पर भरोसा किया, वही इस वारदात की वजह बनी।

पिता के साये के बिना चाचा ने की थी परवरिश

परिजनों के अनुसार देवकृष्ण का जीवन शुरू से ही संघर्षों से भरा रहा। बचपन में ही पिता का निधन हो गया था, जिसके बाद चाचा ने उसकी परवरिश की। उन्होंने पढ़ाई-लिखाई से लेकर हर जरूरत का ध्यान रखा। परिवार को उम्मीद थी कि वह आगे बढ़कर घर को संभालेगा, लेकिन यह घटना सब कुछ छीन ले गई। देवकृष्ण की शादी वर्ष 2015 में पारिवारिक रीति-रिवाज से हुई थी। शुरुआती वर्षों में सब सामान्य रहा, लेकिन समय के साथ पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगे।

मोबाइल और मायके में व्यस्तता बनी वजह

प्रियंका का ससुराल में कम और मायके में ज्यादा रहना परिवार को खटकता था। वह ज्यादातर समय मोबाइल में व्यस्त रहती थी और घर के कामों से दूरी बनाए रखती थी। परिवार का कहना है कि प्रियंका का किसी अन्य युवक से संपर्क था, जिसे लेकर पहले भी घर में विवाद हुआ था। कई बार समझाने के बावजूद स्थिति नहीं बदली। इसी रिश्ते ने धीरे-धीरे खतरनाक मोड़ लिया और अंत में हत्या की साजिश तक पहुंच गया।

बहन ने सुनाई उस रात की आपबीती

मृतक की बहन के मुताबिक घटना की रात वह गहरी नींद में थी। मां ने उठाकर बताया कि कमरे में कुछ गड़बड़ है। जब दोनों कमरे में पहुंचे तो देवकृष्ण बेड पर पड़ा था और चारों ओर खून फैला हुआ था। शुरुआत में लगा कि वह सो रहा है, लेकिन पास जाकर देखने पर सच्चाई सामने आई। वहीं प्रियंका ने खुद को बंधक दिखाने की कोशिश की थी। पुलिस ने मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी साजिश की कड़ियां सामने होंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

18 + twelve =

Back to top button