नोएडा में कंपनी के कर्मचारियों का हंगामा; पुलिस की जीप सहित 5 वाहन फूंके; आगजनी और पत्थरबाजी से हाई अलर्ट पर दिल्ली पुलिस

नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी हिंसक हो गए। फेज-2 स्थित होजरी कॉम्प्लेक्स और आसपास के इलाकों में कर्मचारियों ने जमकर बवाल (Noida Violence) काटा। स्थिति तब बिगड़ गई जब कर्मचारियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी और कंपनियों की संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया।
फेज-2 में प्रदर्शनकारियों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उन्होंने सड़क पर खड़े कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान पुलिस टीम पर भी हमला किया गया। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस की एक जीप को पलट दिया और उसमें तोड़फोड़ की। आक्रोशित भीड़ पुलिस की जीप सहित 5 वाहनों में आग लगा दी। आगजनी और पथराव की घटनाओं के कारण पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।
दिल्ली-नोएडा मार्ग पर यातायात प्रभावित
इस हिंसा का सीधा असर शहर की परिवहन व्यवस्था पर पड़ा है। फेज-2 में बिगड़ते हालातों के मद्देनजर दिल्ली और नोएडा को जोड़ने वाली चिल्ला सीमा को एहतियातन बंद कर दिया गया है। सीमा बंद होने और डीएनडी फ्लाईओवर पर यातायात मार्ग परिवर्तन (डायवर्जन) के कारण कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया है, जिससे राहगीर घंटों फंसे रहे।
दिल्ली बॉर्डर पर हाई अलर्ट
हिंसा को देखते हुए दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर है। नोएडा से दिल्ली को जोड़ने वाले सभी प्रमुख बॉर्डर पॉइंट्स पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, असामाजिक तत्वों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोकने के लिए वाहनों की गहन तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखी जा रही है।





