गर्मी का कहर अब इंदौर में भी, पांच दिन बाद फिर तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस पहुंचा

गुरुवार को दोपहर में गर्मी ने शहरवासियों को परेशान किया। बादल न होने के कारण धूप ने चुभन का अहसास करवाया। पांच दिन बाद पारा फिर से इस सीजन के अब तक के अधिकतम स्तर पर पहुंचा। गुरुवार को शहर में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इंदौर में शुक्रवार को पारा 41 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने की संभावना है। दो दिन बाद पारा 42 डिग्री तक भी पहुंचेगा।
प्रति चक्रवात के कारण बादलों पर रोक लगी
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक एक प्रतिचक्रवात मध्य मप्र के दक्षिण भाग में बना है। इसके प्रभाव के कारण अब बादल नहीं छा रहे और तीखी धूप लोगों को महसूस हो रही है। इसके अलावा एक पश्चिमी विक्षोभ अभी द्रोणिका के रूप में अफगानिस्तान के ऊपर बना है।
वहीं दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान पर ऊपरी हवा के चक्रवात से गर्म हवा आ रही हैं। एक द्रोणिका दक्षिण-पूर्व राजस्थान से गुजरात होते हुए उत्तर पूर्व अरब सागर और दूसरी द्रोणिका के पूर्वी विदर्भ से कर्नाटक, तमिलनाडु से कामरान क्षेत्र तक है। इस कारण अरब सागर से आ रही नमी प्रदेश में तेजी से पारा बढ़ने नहीं दे रही है।





