रूस-यूक्रेन ने किया युद्धविराम का ऐलान, 20 साल में पहली बार बड़े हथियारों के बिना रूस विक्ट्री डे मनाएगा

रूस और यूक्रेन ने 9 मई के विक्ट्री डे से पहले अलग-अलग समय पर युद्धविराम का ऐलान किया है। रूस ने शुक्रवार और शनिवार के लिए सीजफायर घोषित किया है, जबकि यूक्रेन ने कहा है कि वह बुधवार रात 12 बजे से युद्ध रोक देगा।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने यह फैसला द्वितीय विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी की हार की 81वीं सालगिरह के मौके पर लिया। लेकिन साथ ही उसने चेतावनी भी दी है कि अगर यूक्रेन ने समारोह में कोई बाधा डाली, तो कीव पर बड़ा मिसाइल हमला किया जाएगा।
वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि उनका देश बुधवार रात से युद्धविराम मानेगा, लेकिन रूस की हर कार्रवाई का जवाब भी देगा। उन्होंने ट्रूस की कोई तय समयसीमा नहीं बताई।
इस बार मॉस्को के रेड स्क्वायर में होने वाली विक्ट्री डे परेड भी अलग तरीके से होगी। संभावित ड्रोन हमलों के खतरे को देखते हुए टैंक और बड़े हथियार इसमें शामिल नहीं किए जाएंगे।
रूस ने कीव में रह रहे लोगों और विदेशी दूतावासों को शहर छोड़ने की चेतावनी भी दी है। इससे पहले भी कई बार सीजफायर की कोशिशें हुईं, लेकिन ज्यादातर बार उनका ज्यादा असर नहीं दिखा।
करीब दो दशकों में पहली बार मॉस्को की परेड बिना भारी हथियारों के होगी। सुरक्षा वजहों से कई शहरों में परेड सीमित या रद्द की जा रही हैं।
विक्ट्री डे रूस के लिए बहुत अहम दिन होता है। इसे व्लादिमिर पुतिन देश की ताकत और देशभक्ति से जोड़कर देखते हैं।





