देश में बदलेगा लू की चेतावनी देने का तरीका:केरल में हीटवेव का अलर्ट नहीं मिला

भारतीय मौसम विभाग (IMD) देश में हीटवेव अलर्ट जारी करने के नियम बदलने की तैयारी कर रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि मौजूदा नियम भारत के अलग-अलग इलाकों, खासकर केरल के लिए ठीक से काम नहीं कर रहे हैं।
इस साल केरल में तेज गर्मी और उमस रही। पहली बार कर्नाटक-महाराष्ट्र तट के पास बने एंटी-साइक्लोन सिस्टम के आधार पर मौसम का अनुमान लगाना पड़ा।
IMD के मुताबिक केरल में हीट स्ट्रोक के कई केस सामने आए, लेकिन मौजूदा नियमों के कारण हीटवेव की चेतावनी जारी करना मुश्किल था।
इसलिए अब IMD नए नियम बनाने जा रहा है, ताकि राज्यों को समय पर हीटवेव की चेतावनी दी जा सके। इसके लिए डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी से भी सलाह ली जाएगी।
गर्मी की बात करें तो राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में आज हीटवेव का अलर्ट है। इन राज्यों के कई जिलों में तापमान 45°C से 46°C के बीच पहुंच सकता है।
शुक्रवार को महाराष्ट्र के अमरावती में 45.6°C और राजस्थान के फलौदी में 44.8°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।





