अवैध सागौन लकड़ी तस्करी के खिलाफ पुलिस और टाइगर रिजर्व की संयुक्त कार्रवाई
6 लाख रुपये की सागौन लकड़ी बरामद

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, गरियाबंद। गरियाबंद-ओडिशा सीमा से लगे ग्राम साहेबिनकछार में अवैध सागौन लकड़ी तस्करी के खिलाफ पुलिस और उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की संयुक्त कार्रवाई में बड़ा खुलासा हुआ है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि सात अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। जांच में ओडिशा के सागौन तस्करों से जुड़े तार भी सामने आए हैं, जिससे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की आशंका गहरा गई है।
वन विभाग और पुलिस को सूचना मिली थी कि साहेबिनकछार क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सागौन लकड़ी का अवैध भंडारण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पहले 5 जून को विद्याधर दास के घर और बाड़ी में दबिश दी गई, जहां से भारी मात्रा में राष्ट्रीयकृत सागौन लकड़ी के स्लीपर बरामद किए गए। इस मामले में वन अपराध दर्ज कर न्यायालयीन कार्रवाई शुरू की गई थी।
इसके बाद 9 जून को उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के अधिकारियों के निर्देशन में दक्षिण उदंती, उत्तर उदंती, इंदागांव, बफर, कुल्हाड़ीघाट और अरसीकन्हार के वन अमले ने पुलिस बल के साथ मिलकर कई संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।




