शादीशुदा होने की बात छिपाकर लंबे समय तक बनाए शारीरिक संबंध, सब इंस्पेक्टर को किया गिरफ्तार
लटेरी क्षेत्र की महिला ने एसपी के सामने लगाई थी गुहार

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, विदिशा। शादी का झांसा देकर महिला से दुराचार करने के आरोप में सिविल लाइन थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर जयप्रकाश रसीले को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने आरोपी एसआई को निलंबित कर दिया था। आरोपी 2016 बैच का सब इंस्पेक्टर है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लटेरी थाना क्षेत्र की एक महिला ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में आवेदन देकर सब इंस्पेक्टर जयप्रकाश रसीले पर विवाह का आश्वासन देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया था। महिला का आरोप था कि वह एसआई के संपर्क में थी, और उन्होंने स्वयं के विवाह की बात छुपाई थी। इस दौरान वह लगातार शादी का झांसा देता रहा। आरोपी ने कई बार दुराचार किया।इस शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में शिकायत में तथ्य पाए जाने पर एसपी रोहित काशवानी के निर्देश पर आरोपी सब इंस्पेक्टर के विरुद्ध दुराचार सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया।





