मानसून की झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में एंट्री; MP-राजस्थान समेत 9 राज्यों में प्री-मानसून एक्टिव

मानसून की झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में एंट्री हो गई। फिलहाल यह छत्तीसगढ़ की बॉर्डर पर है। अगले 3 दिन में इसके मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश पहुंचने की संभावना है। 4 जून को केरलम में दस्तक देने के बाद मानसून 9 दिन में 19 राज्यों तक पहुंच चुका है।
फिलहाल, देश के कई राज्यों में प्री मानसून एक्टिव है। राजस्थान समेत 9 राज्यों में तेज आंधी के साथ बारिश हो रही है। मध्य प्रदेश में शनिवार शाम भोपाल समेत 4 जिलों में तेज बारिश हुई। कई जगहों पर बिजली के तार, पेड़ टूट कर गिरे।
यूपी में आंधी-बारिश के दौरान हुए हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं, झारखंड में बिजली गिरने से 3 महिलाओं समेत 7 की मौत हो गई।
8 राज्यों में गर्मी का असर, पारा 40°C पार
राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई शहरों में शुक्रवार को पारा 40°C से ज्यादा रहा। देश में सबसे ज्यादा पारा महाराष्ट्र के यवतमाल में दर्ज किया गया। यहां पारा 42.4°C रहा। वहीं छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में 42°C, गुजरात के भावनगर में 41.9°C, राजस्थान के जैसलमेर में 40.8°C दर्ज किया गया।
मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ और मराठवाड़ा के 26 जिलों में आज हीटवेव का अलर्ट है। ओडिशा, कोस्टल आंध्र प्रदेश और कोंकण गोवा में मौसम उमस भरा रहेगा।





