बहाली की मांग को लेकर 50 फीट ऊंचे बिजली खंभे पर चढ़ा युवक
प्रेस कॉम्प्लेक्स के सामने करीब एक घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, भोपाल। पोस्ट ऑफिस की नौकरी से बर्खास्तगी के बाद बहाली की मांग को लेकर एक कर्मचारी ने गुरुवार सुबह एमपी नगर में बिजली के खंभे पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रेस कॉम्प्लेक्स के सामने करीब 50 फीट ऊंचे खंभे पर चढ़े युवक के कारण लगभग एक घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।जानकारी के अनुसार 42 वर्षीय श्रवण कुमार हरदा जिले का निवासी है। वह करीब पांच वर्ष पहले हरदा डाकघर में अस्थायी कर्मचारी था, लेकिन एक आपराधिक मामले के बाद उसकी नौकरी समाप्त कर दी गई थी। तब से वह नौकरी बहाली की मांग कर रहा था और भोपाल स्थित डाक विभाग मुख्यालय में अधिकारियों से मिलने का प्रयास कर रहा था।
गुरुवार को भी वह अपनी मांग लेकर भोपाल पहुंचा था। अधिकारियों से मुलाकात नहीं होने पर नाराज होकर वह एमपी नगर स्थित डाक विभाग कार्यालय के सामने बिजली के खंभे पर चढ़ गया। युवक करीब एक घंटे तक खंभे पर खड़ा रहा। उसे नीचे उतारने के लिए जब बिजली कंपनी के एक कर्मचारी को खंभे पर भेजा गया तो युवक ऊपर ही बिजली के तारों पर दौड़ने लगा। बाद में क्रेन की मदद ली गई, लेकिन तब भी वह नीचे आने को तैयार नहीं हुआ। काफी मशक्कत के बाद एक कर्मचारी ने उसे पकड़कर सुरक्षित नीचे उतारा।





