सरकारी कुएं पर कब्जे की शिकायत के बाद मिला किसान का शव
परिजनों ने पुलिस-प्रशासन की निष्क्रियता पर उठाए सवाल

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, राजगढ़। राजगढ़ जिले के खुजनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पाटन खुर्द में शुक्रवार सुबह 50 वर्षीय बिरम सिंह वर्मा का शव उनके खेत में पेड़ से लटका मिला। पुलिस प्रारंभिक तौर पर मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है, वहीं परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि बिरम सिंह के परिवार ने 29 मई को गांव के एक व्यक्ति द्वारा सरकारी कुएं पर कथित अवैध कब्जे और मारपीट की शिकायत खुजनेर थाना एवं तहसील कार्यालय में की थी, लेकिन 14 दिन बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन कार्रवाई कर देता तो आज बिरम सिंह जीवित होते।
मृतक के भाई रामप्रसाद वर्मा ने बताया कि गांव के कॉलोनी क्षेत्र स्थित सरकारी कुएं पर कथित रूप से शिवसिंह वर्मा ने कब्जा कर रखा है और ग्रामीणों को वहां से पानी भरने नहीं दिया जाता। 29 मई को उनके परिवार के सदस्य रामबाबू के साथ कुएं से पानी भरने को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी, जिसकी शिकायत पुलिस और तहसील में की गई थी।





