मानसून पिछले 5 दिन से उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बॉर्डर पर अटका- 19 राज्य बारिश को तरसे

देश में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हरियाणा और दिल्ली में प्री-मानसून के तहत बारिश हो रही है। 4 जून को केरल में दस्तक देने के बाद मानसून 15 दिन में 19 राज्यों तक पहुंच चुका है। मानसून पिछले 5 दिन से उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बॉर्डर पर अटका हुआ है।
हरियाणा के हिसार में गुरुवार को तेज हवा के साथ बारिश हुई। यहां कई गाड़ियों पर पेड़ गिरे। वहीं सिरसा में ओले भी गिरे। एमपी के इंदौर-गुना समेत 6 जिलों में आंधी-बारिश हुई।
वहीं, प्री-मानसून एक्टिव होने के बावजूद यूपी-राजस्थान समेत 7 राज्यों में तापमान 40°C के पार है। गुरुवार को देश में सबसे ज्यादा तापमान यूपी के बांदा में 43.2°C दर्ज किया गया।
18 जून तक के आंकड़ों के अनुसार सबसे खराब स्थिति महाराष्ट्र की रही, जहां सामान्य से 78% कम बारिश हुई। इसके बाद गुजरात में 79% कम वर्षा दर्ज की गई।
राजस्थान में मौसम विभाग ने चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और झुंझुनूं समेत प्रदेश के 30 जिलों में आज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
4 जून से 18 जून के बीच देश में 41% कम बारिश
मानसून ने लगातार तीसरे साल जून में लंबा ब्रेक लिया है। हालांकि, 2024 और 2025 में शुरुआती ब्रेक के बावजूद पूरे सीजन में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई थी। इस साल 4 जून से 18 जून के बीच देश में सामान्य से 41% कम बारिश हुई है।





