
राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि जयपुर। राजस्थान में मानसून की दस्तक से पहले मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक ओर राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां शुरू हो गई हैं, वहीं दूसरी ओर पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में गर्मी का असर अभी भी बरकरार है। राज्य में गुरुवार को कई जिलों में बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में पश्चिमी राजस्थान के सरदारशहर (चूरू) में सर्वाधिक 56 मिमी, जयपुर में 50 मिलीमीटर और सुनैल (झालावाड़) में 45 मिमी बारिश दर्ज की गई। गुरुवार को फलौदी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा श्रीगंगानगर में 41.0, जैसलमेर में 40.8 और बाड़मेर में 40.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में आगामी दो से तीन दिनों तक मेघगर्जन के साथ मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है। चूरू, बीकानेर और श्रीगंगानगर जैसे इलाकों में दिन का तापमान अभी भी 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, लेकिन बारिश की गतिविधियों के चलते आगामी दिनों में इसमें गिरावट आने की संभावना है।





