
राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र स्थित प्रोफेसर कॉलोनी में शनिवार को हुए हादसे में मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रमोद चन्द्राकर (25) और आशीष चंद्राकर (19) के रूप में हुई है, जो मूलतः पुराना भिलाई थाना क्षेत्र के ग्राम औंधी के निवासी थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन मजदूर एक मकान की छत पर सोलर पैनल स्थापित करने का कार्य कर रहे थे। कार्य के दौरान अनियंत्रित होकर सोलर पैनल या उससे जुड़ा उपकरण ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। बिजली का तेज करंट दौड़ने से दो मजदूर बुरी तरह झुलस गए और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में तीसरा मजदूर बाल-बाल बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सोलर पैनल लगाते समय सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। इसके साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि कार्यस्थल पर श्रमिकों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। यह दुखद घटना निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा के प्रति बरती जाने वाली लापरवाही पर एक बड़ा सवाल खड़ा करती है।





