hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu

भोपालमध्यप्रदेश

ऐशबाग डबल मर्डर के दो आरोपित गिरफ्तार, सगे भाइयों ने संपत्ति विवाद में की थी हत्या

केस में पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया था

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि,भोपाल। ऐशबाग थाना क्षेत्र के सुदामा नगर में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड में भोपाल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान कजलीखेड़ा निवासी श्रीकांत और शशिकांत के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों ने संपत्ति विवाद के चलते इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, 24 जून की रात आरोपितों ने हेमंत फिलेमोन उर्फ हेमंत बारीक और शकुंतला फिलेमोन की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। घटना का खुलासा 26 जून की रात तब हुआ, जब बंद मकान से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो दोनों के शव बरामद हुए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों से मिली जानकारी और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने मंगलवार रात दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है, ताकि हत्या की पूरी साजिश और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार सहित अन्य पहलुओं का खुलासा किया जा सके।

बुधवार सुबह पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल की तलाश के लिए एक नाले में सर्च अभियान चलाया। पुलिस को उम्मीद है कि वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी से जांच को और मजबूती मिलेगी। मामले में आगे की पूछताछ और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई जारी है।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1 × one =

Check Also
Close