कैंपस सिलेक्शन का झांसा देकर छात्रों से लाखों की ठगी
इंटरव्यू के बाद दिल्ली बुलाकर वसूले छह-छह हजार रुपये

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, जबलपुर। बेहतर रोजगार की उम्मीद लेकर कैंपस प्लेसमेंट में शामिल हुए जबलपुर आईटीआई चौथापुल के दर्जनों छात्रों को कथित तौर पर धोखाधड़ी का शिकार होना पड़ा। छात्रों का आरोप है कि एक निजी कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर उन्हें दिल्ली बुलाया गया, जहां उनसे हजारों रुपये वसूले गए और बाद में भर्ती प्रक्रिया से जुड़े लोग संपर्क से बाहर हो गए। मामले को लेकर छात्रों ने सोमवार को संस्थान पहुंचकर विरोध दर्ज कराया और पुलिस में शिकायत भी की है। पीड़ित छात्रों के अनुसार उन्हें संस्थान की ओर से सूचना दी गई थी कि एक कंपनी कैंपस भर्ती के लिए आने वाली है। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्रों ने आवेदन किया और जून के पहले सप्ताह में आयोजित साक्षात्कार में भाग लिया। चयनित बताए गए छात्रों को आगे की प्रक्रिया के लिए दिल्ली बुलाया गया।छात्रों का कहना है कि 24 जून को वे दिल्ली पहुंचे, जहां उन्हें एक होटल में ठहराया गया। अगले दिन ज्वाइनिंग की प्रक्रिया पूरी कराने का आश्वासन दिया गया। इसी दौरान कुछ लोगों ने स्वयं को कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए प्रत्येक छात्र से लगभग छह हजार रुपये जमा कराने की मांग की।
कई छात्रों ने नकद और आनलाइन माध्यम से राशि जमा कर दी। छात्रों का कहना है कि रकम लेने के बाद संबंधित लोग अचानक गायब हो गए और उनसे संपर्क भी नहीं हो पाया। छात्रों के मुताबिक यात्रा, आवास और अन्य खर्चों को मिलाकर प्रत्येक छात्र का 10 से 15 हजार रुपये तक का नुकसान हुआ है।प्रभावित छात्रों ने बताया कि उनमें से कई पहले से विभिन्न कंपनियों में कार्यरत थे। बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद में उन्होंने अपनी मौजूदा नौकरी छोड़ दी थी। अब कथित धोखाधड़ी के कारण वे आर्थिक नुकसान के साथ-साथ बेरोजगारी की स्थिति का भी सामना कर रहे हैं। दिल्ली में उन्हें पर्याप्त जानकारी और सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई, जिससे वे खुद को असहाय महसूस कर रहे थे।





