नशे में पत्नी को पीटकर साथ में सोया, सुबह तक हो गई थी मौत
नशे में पत्नी को पीटकर साथ में सोया, सुबह तक हो गई थी मौत

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, देवास। अंचल के बरोठा थाना क्षेत्र के गांव जलोदिया में एक व्यक्ति ने शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ विवाद किया और उससे जमकर मारपीट की। इससे पत्नी के सिर में गंभीर चोट लगी। बाद में दोनों सो गए। मारपीट के दौरान दंपती का सात-आठ साल का बेटा घबरा गया था जिसके कारण वो पड़ोसी के यहां चला गया था। रात में महिला की मौत हो गई, इसका पता सुबह तब चला जब वो नहीं उठी।
सूचना मिलने के बाद बरोठा पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण, पंचनामा आदि की प्रक्रिया पूरी की गई। मामले में हत्या का केस दर्ज करके आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपित छाेटू भील शराब पीने का आदी है। रविवार रात को उसने अपनी पत्नी सुनीताबाई से विवाद किया और उसके साथ मारपीट की, सिर पकड़कर दीवार पर पटका, लात-घूंसों, लकड़ी के डंडे से मारपीट की। सिर व अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने से सुनीता की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों को समझाइश देकर विवाद शांत करवा दिया था। इसके बाद पुलिस लौट गई तो फिर से विवाद शुरू हो गया और मारपीट के बाद दोनों पति-पत्नी सो गए।





