
राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि बेमेतरा। कहते हैं होनहार बिरवान के होत चिकने पात। इस कहावत को चरितार्थ करते हुए बेमेतरा की ओमनी वर्मा ने छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं परीक्षा में प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया। शासकीय आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय की छात्रा ओमनी ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे जिले और स्कूल का नाम रोशन किया है। ओमनी वर्मा एक साधारण मजदूर परिवार से आती हैं। उनके पिता कमोद वर्मा राइस मिल में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। छह बहनों और एक भाई के बड़े परिवार में ओमनी पांचवें नंबर पर हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखी और उत्कृष्ट परिणाम हासिल किया।
ओमनी ने बताया कि उन्हें अच्छे परिणाम की उम्मीद थी, लेकिन प्रदेश में दूसरा स्थान मिलेगा, इसकी कल्पना भी नहीं की थी। परिणाम घोषित होने के बाद स्कूल के प्राचार्य और शिक्षक उनके घर पहुंचे और परिवार को इस उपलब्धि की जानकारी दी। उस समय पिता काम पर गए हुए थे। जब उन्हें बेटी की सफलता के बारे में बताया गया, तो वे भावुक हो उठे और बोले उन्हें पहले से भरोसा था कि उनकी बेटी एक दिन बड़ा मुकाम हासिल करेगी।
ओमनी आगे वाणिज्य संकाय में पढ़ाई जारी रखते हुए बैंकिंग क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि आगे की पढ़ाई को लेकर वे अपने पिता की इच्छा को प्राथमिकता देंगी। ओमनी की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि कठिन परिस्थितियां भी मजबूत इरादों के सामने छोटी पड़ जाती हैं।





