7 अगस्त 2026 तक कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव, पढ़ें कौन-सी लेट और किनके बदले रूट

अगर आपने आने वाले दिनों में ट्रेन से सफर की योजना बनाई है, तो घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का लेटेस्ट स्टेटस जरूर जांच लें। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल के बरेली-मुरादाबाद रेलखंड पर मरम्मत और ट्रैक मेंटेनेंस का काम चल रहा है।
इसके लिए रेलवे ने ट्रैफिक ब्लॉक लिया है, जिसके चलते 7 अगस्त 2026 तक कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। कुछ ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से चलेंगी, जबकि कई ट्रेनों के रूट अस्थायी रूप से बदले गए हैं। ऐसे में यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी गई है।
इन ट्रेनों के संचालन में होगी देरी
रेलवे के अनुसार कई प्रमुख ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा। 12204 अमृतसर-सहरसा एक्सप्रेस 26 जुलाई को 90 मिनट तथा 1 और 5 अगस्त को कुछ मिनट देरी से चल सकती है। 14603 नौतनवा-अमृतसर एक्सप्रेस 24 जुलाई को 90 मिनट तक विलंबित रहेगी।
15128 नई दिल्ली-बनारस एक्सप्रेस 26 जुलाई को लगभग 30 मिनट देरी से चलेगी। वहीं 15211 दरभंगा-अमृतसर एक्सप्रेस 24, 2, 28, 30 जुलाई, 3 और 5 अगस्त को 90 मिनट तक लेट हो सकती है। इसके अलावा 20506 नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस और 55301 मुरादाबाद-लालकुआं पैसेंजर भी निर्धारित समय से देरी से संचालित होंगी।
इन ट्रेनों के रूट किए गए डायवर्ट
रेलवे ने कई ट्रेनों के मार्ग में भी अस्थायी बदलाव किया है। इनमें 13042 जम्मूतवी–हावड़ा एक्सप्रेस, 22454 मेरठ सिटी–लखनऊ एक्सप्रेस, 15910 लालगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस, 13152 जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस, 15654 और 15652 जम्मूतवी-गुवाहाटी एक्सप्रेस तथा 15098 जम्मूतवी-भागलपुर एक्सप्रेस शामिल हैं। ये ट्रेनें निर्धारित तारीखों पर बदले हुए मार्ग से संचालित की जाएंगी।
यात्रा से पहले जरूर करें ट्रेन स्टेटस चेक
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का लाइव स्टेटस, प्लेटफॉर्म और समय की जानकारी जरूर प्राप्त करें।
इससे अनावश्यक परेशानी से बचा जा सकेगा। जिन यात्रियों की यात्रा 7 अगस्त तक निर्धारित है, उन्हें विशेष सतर्कता बरतने और समय से पहले रेलवे की आधिकारिक जानकारी की पुष्टि करने की सलाह दी गई है।





