इंस्टाग्राम पर हुई थी पहचान, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप
आरोपी ने घूमने के बहाने बुलाया, एक होटल में ले गया, जहां शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के रातीबड़ क्षेत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से हुई दोस्ती दुष्कर्म के आरोप तक पहुंच गई। 29 वर्षीय एक युवती ने आरोप लगाया है कि इंस्टाग्राम पर पहचान होने के बाद युवक ने शादी का वादा कर उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में शादी से इनकार कर संबंध समाप्त कर दिए। शिकायत मिलने पर रातीबड़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रातीबड़ थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा के अनुसार, शिकायतकर्ता युवती ने स्वयं को मेकअप आर्टिस्ट बताया है। उसने पुलिस को बताया कि करीब एक महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान रोहित परमार नामक युवक से हुई थी। आरोपी कॉलेजों में एडमिशन कराने का काम करता है।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे घूमने के बहाने रातीबड़ स्थित एक होटल में ले गया, जहां शादी करने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद करीब एक महीने तक आरोपी शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाता रहा। युवती का कहना है कि जब उसने शादी की बात की तो आरोपी मुकर गया और उससे संबंध समाप्त कर लिए। इसके बाद पीड़िता ने रातीबड़ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और मामले की जांच जारी है।





