भोपाल में किसानों का अर्धनग्न प्रदर्शन,बैरिकेड तोड़ बसों पर चढ़े:सड़क पर दाल-बाटी बनाई
किसानों के समर्थन में Gen-Z भी प्रदर्शन में शामिल

मूंग खरीदी, ई-टोकन सिस्टम समेत अन्य मांगों को लेकर भोपाल में किसानों का प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी है। सीएम हाउस की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे किसानों को एम्प्री के पास वीर सावरकर सेतु पर पुलिस ने रोक दिया।
बसों की चार लेयर में बैरिकेडिंग की गई है। कुछ किसान पहले बैरिकेडिंग पर चढ़ गए थे, जिन्हें पुलिस ने समझाइश देकर नीचे उतार दिया। इसके बाद किसान वहीं बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।
प्रदर्शन स्थल पर कुछ किसान अर्धनग्न होकर विरोध जता रहे हैं और सरकार से एमएसपी की कानूनी गारंटी समेत अन्य मांगें पूरी करने की मांग कर रहे हैं। वहीं, कुछ किसान रातभर जागने के बाद आराम करते नजर आए। दाल-बाटी बनाकर सड़क पर ही लंच का इंतजाम किया।
किसानों के समर्थन में Gen-Z भी प्रदर्शन में शामिल हैं। किसानों ने सरकार की ‘सद्बुद्धि’ के लिए हवन भी किया और आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई के बावजूद उनकी फसल का उचित दाम नहीं मिल रहा।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कई रास्तों पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी है। इससे होशंगाबाद रोड और आसपास के इलाकों में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात को देखते हुए कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने नर्मदापुरम रोड के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है।।
सीएम बोले- मंत्रियों का दल किसानों से बातचीत करेगा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसानों से जुड़े मुद्दों पर संवाद के लिए सरकार ने एक कमेटी बनाई है। कमेटी में शामिल मंत्रियों का दल किसानों से बातचीत करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के सकारात्मक सुझावों के साथ है, लेकिन आम जनता को परेशानी न हो, इसका भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
इस पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि हजारों किसान भाई अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्वक आवाज उठा रहे हैं, लेकिन अहंकार में डूबी मोहन यादव सरकार उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है।






